फ़िल्मी किस्से
आस्ट्रेलिया में क्या करते रहे रणदीप हुड्डा?
अब
एक्टर रणदीप हुड्डा को ही लें, पिता डॉ. रणबीर हुड्डा एक बड़े सर्जन थे. सब यही सोच रहे
थे कि रणदीप भी पिता के पेशे में आकर नाम कमाएँगे.उन्हें आठ साल की उम्र से
बोर्डिंग स्कूल में भेज दिया गया ताकि वो पढाई के अलावा किसी विषय के बारे में न
सोचें. पर स्कूल में जब एक नाटक हुआ तो रणदीप को भी उसमें हिस्सा लेना पड़ा.उनके
काम की बड़ी तारीफ़ हुई लेकिन रणदीप सिर्फ और सिर्फ पढाई में लगे रहे क्योंकि वो भी
जानते थे अभिनय वगैरह की उनके घर परिवार
में कोई गुंजाइश नहीं. इस बीच मेडिकल की दिशा में तो वो आगे नहीं बढ़ पाए लेकिन
उनहोने सोच लिया था कि वो इतनी पढाई तो कर ही लेंगे कि जिससे आगे का जीवन सही हो
जाए और घरवाले भी खुश रहे. १९९५ में वो उच्च शिक्षा के लिए आस्ट्रेलिया चले गए. सोचा घरवालों से पैसा नहीं मांगना है. इसलिए पढाई
के साथ साथ काम करना शुरु कर दिया. चायनीज
रेस्टोरेंट में प्याज काटे, होटल में वेटर बने, लोगों की कारें धोई, टैक्सी चलाई, एक समुद्री बीच पर लाइफ गार्ड
बने और इस तरह सन २००० में मास्टर्स इन बिज़नस मैनेजमेंट एंड ह्यूमन रिसोर्स की पढ़ाई कर वो भारत लौट आए. लेकिन इससे पहले कि
वो पढ़ाई के मुताबिक किसी बड़ी पोस्ट पर लगते उन्हें मॉडलिंग के ऑफर आने लगे और फिर
वही हुआ अभिनय ही उनकी दुनिया बन गई. उन्होंने कुछ ऐसे किरदार किए जो इस बात के
गवाह थे कि रणदीप एक जन्मजात अभिनेता हैं. रोहतक और सोनपत से विदेश तक का जो सफर
उन्होंने किया जो अनुभव उन्होंने लिये वो सब कुछ एक्टिंग में काम आया. उन्होंने
बेस्ट एक्टर ही नहीं बेस्ट नेगेटिव रोले के लिए भी अवार्ड जीते.
सोनाक्षी ने काम से छुट्टी क्यों ली?
हीरोइन की लव लाइफ में, शादीशुदा जीवन में क्या
हो रहा है? इसमें लोगों की ज्यादा दिलचस्पी होती है लेकिन कुछ ऐसी भी बातें होती
हैं जो लोगों को जाननी चाहिए. कुछ साल पहले शत्रुघ्न सिन्हा की बायपास सर्जरी हुई
थी. अस्पताल से छुट्टी के बाद जब वो घर लौटे तो हालाँकि उनकी देखरेख के लिए कई
नौकर थे और भी लोग थे लेकिन उनकी बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने अपने सारे काम रोक दिए
और पिता के देखरेख की ज़िम्मेदारी खुद उठाई. उनके आराम से लेकर समय समय पर दी
जानेवाली दवाइयों का ख़याल उन्होंने खुद रखा और तब तक रखा जब तक वो पूरी तरह
ठीक नहीं हुए. इस बीच कुछ निर्माता निर्देशकों ने उनसे फिल्म को लेकर मिलना चाहा
था लेकिन फ़िल्मी अंदाज़ में कहें तो सोनाक्षी ने सभी को “खामोश” कह दिया !


No comments:
Post a Comment